समस्या निवारण शिविर में समाधान की राह निगमायुक्त तपस्या परिहार का कर्मचारी हित पर फोकस, 11 प्रकरणों पर कार्रवाई,कर्मचारी हितैषी पहल पर समयबद्ध निराकरण के निर्देश
समस्या निवारण शिविर में समाधान की राह
निगमायुक्त तपस्या परिहार का कर्मचारी हित पर फोकस, 11 प्रकरणों पर कार्रवाई,कर्मचारी हितैषी पहल पर समयबद्ध निराकरण के निर्देश
कटनी। नगर निगम प्रशासन द्वारा कर्मचारियों एवं पेंशनरों की सेवा संबंधी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से आयोजित समस्या निवारण शिविर एक सकारात्मक पहल के रूप में सामने आया है। निगम कार्यालय स्थित एमआईसी कक्ष में आयोजित इस शिविर में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कुल 11 आवेदनों सहित मौखिक शिकायतों पर गंभीरतापूर्वक सुनवाई की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर के दौरान पेंशन भुगतान, समयमान वेतनमान, जीपीएफ, सीपीएफ, ईपीएफ, एरियर्स सहित विभिन्न सेवा संबंधी मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। निगमायुक्त ने सभी प्रकरणों में संवेदनशीलता बरतते हुए विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उपायुक्त शैलेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि 15 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि कुछ पेंशन प्रकरण शासन स्तर पर लंबित हैं।
निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मामलों में दस्तावेजों के अभाव में भोपाल स्तर पर कार्यवाही अटकी हुई है, उनमें संबंधित आवेदकों को तत्काल सूचित कर आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कराए जाएं। साथ ही जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों को भोपाल भेजकर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। शिविर में उपस्थित नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे कर्मचारी हितों के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।