गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: सोन नदी में बेखौफ चल रहा अवैध रेत का खेल, बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टरों से हो रहा परिवहन
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। मरवाही क्षेत्रांतर्गत ग्राम पिपरडोल स्थित सोन नदी में धड़ल्ले से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का काम चल रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस अवैध कारोबार में बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि प्रशासन की आंखों में धूल झोंकी जा सके।
प्राप्त तस्वीरों और जानकारी के अनुसार, दिनदहाड़े ट्रैक्टरों के माध्यम से नदी से रेत निकालकर ले जाई जा रही है। मौके पर मौजूद ट्रैक्टरों की ट्रॉलियों में “लाखन सिंह चौहान, कटरा” “मोबाइल नंबर 9644218907” और “विक्की” जैसे नाम लिखे हुए देखे जा सकते हैं, जो इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की ओर इशारा करते हैं। नदी के घाटों की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां लंबे समय से भारी मात्रा में रेत निकाली जा रही है, जिससे पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।
इस पूरे मामले की सूचना जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के खनिज अधिकारी आदित्य मानकर को दे दी गई है। उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए आश्वासन दिया है कि उक्त ट्रैक्टरों की पहचान कर जल्द ही संबंधितों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
अब देखना यह है कि खनिज विभाग कब तक इन रेत माफियाओं पर नकेल कसता है और क्या सिर्फ आश्वासन मिलेगा या जमीन पर कोई ठोस कार्रवाई भी होगी।