सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल बनीं महापौर श्रीमती सूरी जनसुनवाई में वृद्ध महिला तक स्वयं पहुंचीं, मानवीय व्यवहार ने जीता नागरिकों का विश्वास

0

सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल बनीं महापौर श्रीमती सूरी
जनसुनवाई में वृद्ध महिला तक स्वयं पहुंचीं, मानवीय व्यवहार ने जीता नागरिकों का विश्वास
कटनी।। नगर निगम की जनसुनवाई केवल शिकायतों के निराकरण का मंच नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों की संवेदनशील कार्यशैली का भी प्रतिबिंब बनती जा रही है। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ऐसा ही भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जिसने उपस्थित नागरिकों को भावुक कर दिया।
जनसुनवाई के दौरान एक वृद्ध महिला सीढ़ियां चढ़कर ऊपर तक नहीं पहुंच सकीं। जैसे ही इसकी जानकारी महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी को मिली, उन्होंने औपचारिकताओं की परवाह किए बिना स्वयं नीचे पहुंचकर महिला से मुलाकात की। महापौर ने बड़े आत्मीय भाव से उनकी समस्या सुनी और तत्काल संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
यह दृश्य केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं था, बल्कि सेवा, संवेदना और मानवीय जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। उपस्थित लोगों ने महापौर की इस कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में जहां कई जनप्रतिनिधि आमजन से दूरी बनाए रखते हैं, वहीं श्रीमती सूरी का आम नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी पीड़ा समझना उन्हें अलग पहचान देता है।
जनसुनवाई में पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर नागरिक पहुंचे थे। महापौर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई प्रारंभ कराई गई।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझकर उनका समाधान करना भी है। उन्होंने शहरवासियों से प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में शामिल होकर अपनी समस्याएं सीधे रखने की अपील की।

 

जनसुनवाई में दिखाई गई यह संवेदनशीलता अब शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। नागरिकों का मानना है कि महापौर श्रीमती सूरी की यही सेवा-भावना और मानवीय दृष्टिकोण उन्हें अन्य जनप्रतिनिधियों से अलग पहचान प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed