मृतकों की पहचान टिहकी निवासी राहुल द्विवेदी एवं अतुल तिवारी के रूप में हुई है। राहुल द्विवेदी भाजपा संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
शादी समारोह से लौट रहे थे दोनों युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राहुल और अतुल शनिवार रात झिरिया गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जोरा पुलिया के समीप किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सुबह ग्रामीणों ने देखे शव
हादसे की जानकारी रात में किसी को नहीं लग सकी। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक और दो युवकों के शव पड़े देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
अस्पताल में उमड़ी भीड़, क्षेत्र में शोक
घटना की सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। युवा नेता की मौत से राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में भी शोक व्याप्त है। कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने हादसे पर दुख जताते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
जिले में बीते एक सप्ताह के भीतर सड़क दुर्घटनाओं में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है। हाल ही में ब्यौहारी क्षेत्र में मां-बेटे और देवलौंद में पिता-पुत्र की मौत के बाद अब यह नई घटना सामने आई है। लगातार हो रहे हादसों ने हाईवे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।