जोरा पुलिया हादसे के बाद टिहकी में उबाल: सड़क पर उतरे ग्रामीण, जाम में फंसा यातायात
राहुल द्विवेदी समेत दो युवकों की मौत के बाद बढ़ा आक्रोश, विधायक शरद कोल पहुंचे मौके परशहडोल। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के जोरा पुलिया के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा युवा कार्यकर्ता राहुल द्विवेदी और अतुल तिवारी की मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है। रविवार को टिहकी गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। हादसे के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
विधायक शरद कोल पहुंचे, लोगों को समझाने का प्रयास
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ब्यौहारी विधायक शरद कोल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। विधायक ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
मौके पर पुलिस बल तैनात
सड़क जाम और बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार ग्रामीणों से चर्चा कर जाम समाप्त कराने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
शादी से लौटते समय हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार टिहकी निवासी राहुल द्विवेदी और अतुल तिवारी शनिवार रात झिरिया गांव से शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान जोरा पुलिया के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। रविवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव और क्षतिग्रस्त बाइक देख पुलिस को सूचना दी थी।
लगातार हादसों से लोगों में नाराजगी
जिले में बीते दिनों लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने और सुरक्षा इंतजाम कमजोर होने से आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं।