मुख्यमंत्री से मिले विधायक संजय पाठक, विजयराघवगढ़ विधानसभा की विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा बरही सूक्ष्म सिंचाई योजना, कुटेश्वर पुल, बायपास निर्माण और जलाशयों के जीर्णोद्धार को लेकर रखी प्रमुख मांगें

0

मुख्यमंत्री से मिले विधायक संजय पाठक, विजयराघवगढ़ विधानसभा की विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
बरही सूक्ष्म सिंचाई योजना, कुटेश्वर पुल, बायपास निर्माण और जलाशयों के जीर्णोद्धार को लेकर रखी प्रमुख मांगें
कटनी।। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक संजय पाठक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भोपाल में सौजन्य भेंट कर विभिन्न विकास एवं सिंचाई परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र में किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं को जल्द गति देने का आग्रह किया।
विधायक संजय पाठक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विजयराघवगढ़ विधानसभा के लगभग 50 हजार एकड़ क्षेत्र को सिंचित करने वाली 566 करोड़ रुपये लागत की बरही सूक्ष्म उद्यम सिंचाई योजना को प्रशासकीय स्वीकृति मिलना क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी सौगात है।
भेंट के दौरान विधायक ने बरही-मैहर मार्ग पर 93 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्मित होने वाले कुटेश्वर पुल के कार्य में तेजी लाने तथा बरही नगर बायपास निर्माण के लिए भूमि अर्जन प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध भी मुख्यमंत्री से किया।
इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के खितौली, जगुआ, पत्थरहटा, सिजहनी, देवसरी इंदौर और घुनसुर सहित विभिन्न जलाशयों के जीर्णोद्धार एवं नहरों की लाइनिंग कार्यों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग रखी।
विधायक ने बड़वारा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम परसवारा के समीप महानदी एवं उमराड नदी के संगम से प्रस्तावित लिफ्ट सिंचाई परियोजना का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने आग्रह किया कि विधानसभा के शेष गांवों और खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के उद्देश्य से प्रस्तावित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द तैयार कर विभागीय स्तर पर आगे बढ़ाई जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षेत्रीय विकास और सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed