सब्जी मंडी के पास चली चाकू, युवक गंभीर शहर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं ने बढ़ाई दहशत, अपराधियों में कानून का खौफ होता दिख नहीं रहा
सब्जी मंडी के पास चली चाकू, युवक गंभीर
शहर में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं ने बढ़ाई दहशत, अपराधियों में कानून का खौफ होता दिख नहीं रहा
कटनी।। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र सब्जी मंडी के पास हुई चाकूबाजी की घटना ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था और बढ़ते आपराधिक घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार प्रशांत सोनी पिता विष्णू सोनी, उम्र लगभग 40 वर्ष, पर कुछ लोगों ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमले में बुच्चड़, उसकी दो बहनें, भांजा तथा दो अन्य साथी शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि किसी पुराने विवाद या आपसी कहासुनी के बाद आरोपी पक्ष ने अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल प्रशांत सोनी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
अपराधियों के लिए आसान बनता जा रहा चाकू का आतंक
शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि अपराधियों के मन से कानून का डर कम होता जा रहा है। छोटी-छोटी बातों पर धारदार हथियार निकाल लेना अब आम होता जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह खुलेआम चाकू चलना आम नागरिकों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में बढ़ते असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई कर शहर में सुरक्षा का माहौल बनाया जाए।