फिटनेस, फुर्ती और फायर का पावर पुलिस की जनरल परेड में दिखा नया जोश 23 सेकंड में पिस्टल असेंबल कर एसपी ने बढ़ाया जवानों का जोश,रक्षित केन्द्र में पुलिस बल का प्रभावशाली प्रदर्शन

0

फिटनेस, फुर्ती और फायर का पावर
पुलिस की जनरल परेड में दिखा नया जोश 23 सेकंड में पिस्टल असेंबल कर एसपी ने बढ़ाया जवानों का जोश,रक्षित केन्द्र में पुलिस बल का प्रभावशाली प्रदर्शन
कटनी।। जिले की पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, अनुशासित और प्रभावी बनाने की दिशा में शुक्रवार को रक्षित केन्द्र में आयोजित जनरल परेड एवं शस्त्र संचालन कार्यक्रम प्रेरणादायक माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं परेड की सलामी लेकर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात शाखा एवं रक्षित केन्द्र के लगभग 105 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। परेड के दौरान जवानों की वेशभूषा, अनुशासन, कदमताल एवं स्कॉट ड्रिल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों की सराहना की गई, वहीं कमियों को सुधारने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब देखने मिला जब पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 30 सेकंड के भीतर शस्त्र खोलने और पुनः असेंबल करने का टॉस्क दिया। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने वाले कर्मचारियों के लिए 5000 नगद पुरस्कार की घोषणा ने जवानों में नया उत्साह भर दिया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने स्वयं 9 एमएम पिस्टल को मात्र 23 सेकंड में खोलकर पुनः असेंबल कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया, जिससे उपस्थित पुलिस बल में जोश और आत्मविश्वास का माहौल बन गया।
इस दौरान जिले के पुलिस वाहनों की स्थिति, रखरखाव एवं उपयोगिता का भी विस्तृत निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को वाहनों के नियमित रखरखाव और संसाधनों के बेहतर उपयोग के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में पुलिस बल तत्परता से कार्य कर सके।


मार्च पास्ट के उपरांत आयोजित पुलिस दरबार में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आर्थिक, स्वास्थ्य, वेतन, अवकाश एवं पारिवारिक समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए पुलिस परिवार के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। इस आयोजन ने यह स्पष्ट किया कि कटनी पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुशासन, फिटनेस, आधुनिक प्रशिक्षण और कर्मचारियों के कल्याण के प्रति भी गंभीरता से कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed