3 किमी मौन रैली निकाल जैन समाज ने सौंपा ज्ञापन रीवा में जैन साध्वियों की मौत के विरोध में बुढार में फूटा आक्रोश
शहडोल। रीवा में दो जैन साध्वियों को वाहन से टक्कर मारकर कथित रूप से की गई हत्या के विरोध में सोमवार को बुढार नगर में जैन समाज द्वारा मौन रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। समाज के लोगों ने जैन मंदिर से तहसील कार्यालय तक करीब 3 किलोमीटर पैदल मार्च कर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।तेज धूप के बावजूद बड़ी संख्या में समाज के महिला, पुरुष, युवा और बच्चे रैली में शामिल हुए। पूरे मार्च के दौरान लोग मौन रहकर अपना विरोध दर्ज कराते नजर आए। समाजजनों ने कहा कि घटना से पूरे जैन समाज में गहरा आक्रोश है और साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि जैन साधु-संत, जो धर्म प्रचार के लिए पैदल और नंगे पैर एक स्थान से दूसरे स्थान तक भ्रमण करते हैं, उन्हें यात्रा के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही रीवा की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रैली के दौरान समाजजनों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाई और साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर ठोस व्यवस्था किए जाने की मांग दोहराई।