गंगा दशहरा पर कटाएघाट में उमड़ी आस्था, भक्ति संगीत और गंगा आरती ने बांधा समां
गंगा दशहरा पर कटाएघाट में उमड़ी आस्था, भक्ति संगीत और गंगा आरती ने बांधा समां
कटनी।। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सोमवार शाम कटाएघाट श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो उठा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत यहां भव्य गंगा आरती एवं भजन संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर जल संरक्षण का संदेश आत्मसात किया।
कार्यक्रम में मुड़वारा विधायक संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, महापौर प्रीति संजीव सूरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने कटाएघाट स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां गंगा की आरती की। मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत से पूरा घाट भक्तिमय माहौल में डूब गया।
भजन संध्या में प्रस्तुत मधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर महापौर प्रीति सूरी ने जल संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल स्रोतों का संरक्षण बेहद जरूरी है।
नगर निगम द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नदी, तालाब और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।