हादसे की आशंका को देखते हुए हटाया गया जर्जर भवन का खतरनाक हिस्सा

0

हादसे की आशंका को देखते हुए हटाया गया जर्जर भवन का खतरनाक हिस्सा
कटनी।। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर में जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। वर्षा ऋतु से पहले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा शहर के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में नगर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र सुभाष चौक स्थित एक अत्यधिक जर्जर भवन के खतरनाक हिस्से को निगम प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए हटाया।
जानकारी के अनुसार उक्त भवन का हिस्सा लंबे समय से क्षतिग्रस्त एवं कमजोर अवस्था में था, जिससे राहगीरों एवं आसपास के व्यापारियों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेरा बनाकर तकनीकी निरीक्षण के बाद जर्जर हिस्से को सावधानीपूर्वक पृथक कराया गया। कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह एवं अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहरभर में ऐसे पुराने भवनों का चिन्हांकन किया जा रहा है, जो समय के साथ कमजोर होकर कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। निगम प्रशासन का मुख्य उद्देश्य संभावित दुर्घटनाओं को रोकते हुए आम नागरिकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है। नगर निगम अधिकारियों ने भवन स्वामियों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपने पुराने एवं क्षतिग्रस्त भवनों की समय-समय पर जांच कराएं तथा आवश्यकता अनुसार मरम्मत या सुरक्षित निष्पादन की कार्यवाही स्वयं सुनिश्चित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि लापरवाही की स्थिति में किसी भी प्रकार की जनहानि होने पर जिम्मेदारी तय की जा सकती है। गौरतलब है कि बारिश के मौसम में जर्जर भवनों से हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में निगम प्रशासन द्वारा समय रहते की जा रही यह कार्यवाही शहरवासियों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। नगर निगम प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी शहर के अन्य जर्जर एवं खतरनाक भवनों पर इसी प्रकार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। कार्यवाही के दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह, राकेश रजक सहित निगम की अतिक्रमण टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed