रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग से सुदृढ़ हो रही नगर की यातायात व्यवस्था सुगम, सुरक्षित एवं अनुशासित आवागमन सुनिश्चित करने नगर निगम के प्रयास जारी

0

रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग से सुदृढ़ हो रही नगर की यातायात व्यवस्था
सुगम, सुरक्षित एवं अनुशासित आवागमन सुनिश्चित करने नगर निगम के प्रयास जारी
कटनी।। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नागरिक हितैषी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के प्रमुख मार्गों एवं व्यस्त बाजार क्षेत्रों में रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, जिससे नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
सिटी ट्रांसपोर्ट मैनेजर योगेश पवार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण में बरगवां से बिलहरी मोड़ तक रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग का कार्य पूर्ण किया गया। वहीं द्वितीय चरण में सागर पुलिया से साउथ स्टेशन मुख्य मार्ग, बाबा नारायण शाह वार्ड पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, माधवनगर उप कार्यालय मार्ग, घंटाघर से गर्ग चौराहा, नई बस्ती मिशन चौक, अहिंसा तिराहा, सुभाष चौक, मुख्य रेलवे स्टेशन मार्ग, आजाद चौक एवं जगन्नाथ चौक सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार मार्गों पर स्पष्ट लाइन मार्किंग, लेन निर्धारण एवं जेब्रा क्रॉसिंग बनाए जाने से यातायात संचालन अधिक अनुशासित होगा। इससे वाहन चालकों को दिशा संबंधी स्पष्ट संकेत मिलेंगे, वहीं पैदल यात्रियों, स्कूली विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सड़क पार करने में सुरक्षा एवं सुविधा प्राप्त होगी।
विशेष रूप से बाजार क्षेत्रों एवं विद्यालयों के आसपास किए जा रहे यह कार्य नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। नगर निगम का मानना है कि यातायात अनुशासन मजबूत होने से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी तथा शहर की यातायात व्यवस्था अधिक नियंत्रित एवं व्यवस्थित बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed