दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग पर प्रस्तावित डायवर्जन होगा परीक्षण आधार पर लागू प्रभाव एवं परिणामों के मूल्यांकन के बाद ही लिया जाएगा स्थायी व्यवस्था पर निर्णय

0

दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग पर प्रस्तावित डायवर्जन होगा परीक्षण आधार पर लागू
प्रभाव एवं परिणामों के मूल्यांकन के बाद ही लिया जाएगा स्थायी व्यवस्था पर निर्णय
कटनी।। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर क्षेत्र में मंगलवार एवं शनिवार को बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ तथा यातायात दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष डायवर्जन प्लान प्रस्तावित किया गया है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था प्रारंभिक रूप से परीक्षण एवं प्रयोगात्मक आधार पर लागू की जाएगी। इसके प्रभाव, यातायात संचालन की स्थिति एवं आमजन की सुविधा का मूल्यांकन किए जाने के उपरांत ही इसे स्थायी रूप से लागू करने पर विचार किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया तथा उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर द्वारा यह प्रस्तावित योजना तैयार की गई है। योजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा शहर की सामान्य यातायात व्यवस्था को बाधित होने से बचाना है।
क्या है पूरा प्रस्तावित डायवर्जन प्लान
प्रस्तावित व्यवस्था प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक लागू रहेगी। यह व्यवस्था बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक सब्जी मंडी एवं दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग क्षेत्र में प्रभावी रहेगी।
बरही नाका से आने वाले वाहन
बरही नाका से दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर की ओर जाने वाले सभी चारपहिया वाहन, ऑटो एवं ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को मॉल रोड, खिरहनी चौकी एवं एनपीएन मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। केवल स्थानीय निवासी एवं आपातकालीन वाहनों को नियंत्रित रूप से प्रवेश दिया जाएगा।
विश्वकर्मा पार्क की ओर से आने वाले वाहन
विश्वकर्मा पार्क से मंदिर जाने वाला मार्ग पूर्णतः बंद रहेगा। छोटे वाहनों को विश्वकर्मा पार्क से सुभाष चौक एवं स्टेशन रोड की ओर भेजा जाएगा, जबकि भारी वाहनों को पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
सुभाष चौक क्षेत्र
सुभाष चौक से मंदिर की ओर वन-वे पैदल कॉरिडोर बनाया जाएगा। ई-रिक्शा एवं ऑटो को झंडा बाजार एवं गोल बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा। श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ होने की स्थिति में अस्थायी बैरिकेडिंग भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
मंदिर के आसपास लगभग 200 से 300 मीटर क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा। दर्शनार्थियों के लिए पृथक पैदल मार्ग तैयार किया जाएगा ताकि सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
पुलिस एवं यातायात व्यवस्था
बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक एवं मंदिर मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही क्रेन एवं टोइंग वाहन स्टैंडबाय रखे जाएंगे। लाउड हेलर एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी जाएगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शहर की सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!