निगम अध्यक्ष की सख्ती से हरकत में आई एजेंसी,जनता की आवाज बनी असरदार खराब सीसी रोड का सुधार शुरू, मसुरहा-जालपा देवी वार्ड की सड़कें होंगी दुरुस्त

0

निगम अध्यक्ष की सख्ती से हरकत में आई एजेंसी,जनता की आवाज बनी असरदार
खराब सीसी रोड का सुधार शुरू, मसुरहा-जालपा देवी वार्ड की सड़कें होंगी दुरुस्त

कटनी। मसुरहा वार्ड एवं जालपा देवी वार्ड में निर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता को लेकर नागरिकों द्वारा की गई शिकायतों के बाद नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की सख्ती रंग लाती दिखाई दे रही है। पूर्व निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में अनियमितताएं मिलने पर नाराजगी जताने वाले निगम अध्यक्ष ने शनिवार को पुनः स्थल का निरीक्षण कर सड़क सुधार कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण एजेंसी ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों को सुधारने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। सड़क को तकनीकी मानकों एवं निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पुनः तैयार करने की प्रक्रिया जारी है। निगम अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सुधार कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए। इस अवसर पर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनता के कर से किए जाने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोपरि है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को टिकाऊ एवं दीर्घकालिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
श्री पाठक ने संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देश देते हुए कहा कि सुधार कार्य पूर्ण होने तक नियमित निगरानी रखी जाए और प्रत्येक चरण का परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष ने क्षेत्रीय नागरिकों से भी चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सहभागिता और सुझावों से ही बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य संभव हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed