डन कॉलोनी में कल रविवार को होगा राहगीरी डे, स्वच्छता और फिटनेस का मिलेगा संदेश नगर निगम ने नागरिकों से सपरिवार सहभागिता की अपील की

0

डन कॉलोनी में कल रविवार को होगा राहगीरी डे, स्वच्छता और फिटनेस का मिलेगा संदेश
नगर निगम ने नागरिकों से सपरिवार सहभागिता की अपील की
कटनी।। नगर पालिक निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से रविवार 31 मई को प्रातः 7 बजे से मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित डन कॉलोनी में राहगीरी डे अभियान 2026 का आठवां संस्करण आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से नागरिकों को फिटनेस, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, किसी भी आदर्श शहर की पहचान केवल भौतिक विकास से नहीं, बल्कि स्वस्थ नागरिकों और स्वच्छ वातावरण से होती है। इसी सोच के साथ आयोजित राहगीरी डे में स्वास्थ्य और स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान योग सत्र, जुंबा डांस, साइकिल रैली, स्केटिंग प्रदर्शन तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर फोर बिन सिस्टम का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी जाएगी। वहीं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा हस्ताक्षर अभियान और स्वच्छता शपथ के जरिए नागरिकों को शहर को साफ-सुथरा रखने का संकल्प दिलाया जाएगा।
नगर निगम ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, वार्डवासियों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठजनों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। निगम प्रशासन का कहना है कि राहगीरी डे केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, स्वच्छ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयास है। कार्यक्रम का मुख्य संदेश है कि फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाए और स्वच्छता को दैनिक व्यवहार में शामिल किया जाए, क्योंकि स्वस्थ नागरिक ही स्वच्छ और विकसित शहर का निर्माण कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed