सिंहस्थ महापर्व-2028 के लिए कटनी पुलिस की तैयारियां शुरू, 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का डीआईजी जबलपुर रेंज अतुल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

0

सिंहस्थ महापर्व-2028 के लिए कटनी पुलिस की तैयारियां शुरू, 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का
डीआईजी जबलपुर रेंज अतुल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
कटनी।। वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महापर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार कटनी पुलिस ने अभी से तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिला मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) जबलपुर रेंज अतुल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर डीआईजी अतुल सिंह ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में से एक है, जहां देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे विशाल आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण कर व्यवहारिक दक्षता विकसित करने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को सिंहस्थ महापर्व के दौरान आने वाली चुनौतियों एवं व्यवस्थाओं के लिए पूर्व से तैयार करना है, ताकि बाहर से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सम्मानजनक व्यवहार, त्वरित सहायता और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
टी.ओ.टी. मॉडल पर आधारित है प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर पूरी तरह टी.ओ.टी. (Training of Trainers) मॉडल पर आधारित है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले मास्टर ट्रेनर्स आगामी समय में जिले के समस्त पुलिस बल को निर्धारित 6 दिवसीय प्रशिक्षण मॉड्यूल के अनुसार प्रशिक्षित करेंगे। इसके लिए विस्तृत प्रशिक्षण कैलेंडर, शिक्षण कौशल मॉडल एवं आवश्यक दिशा-निर्देश भी तैयार किए जा चुके हैं।
यातायात, भीड़ नियंत्रण एवं सॉफ्ट स्किल्स पर रहेगा विशेष फोकस
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आवासीय एवं लॉजिस्टिक प्रबंधन, आपदा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया, श्रद्धालुओं से संवाद कौशल, सॉफ्ट स्किल्स, जनसंपर्क तथा सेवा भाव आधारित पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, यातायात प्रभारी निरीक्षक अनुप सिंह, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, निरीक्षक अखिलेश दाहिया सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारी प्रशिक्षण सत्रों के दौरान मार्गदर्शन एवं मॉनिटरिंग की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *