समय-सीमा बैठक में विकास कार्यों, जन शिकायतों और शासकीय योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
समय-सीमा बैठक में विकास कार्यों, जन शिकायतों और शासकीय योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
कटनी। नगर निगम आयुक्त ने आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में जनसुनवाई, संबल योजना, पीएम स्वनिधि, ई-ऑफिस, ई-केवाईसी, आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली, न्यायालयीन प्रकरणों तथा विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों के निपटारे में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर के बड़े एवं छोटे नालों की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सफाई कार्य पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई के बाद उन्हें व्यवस्थित रूप से ढंकने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आईएचएसडीपी योजना अंतर्गत निर्मित आवासों के पात्रता परीक्षण के लिए किए जा रहे सर्वे कार्य की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने शेष सर्वे जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आरआरसी प्रकरणों का निराकरण कर पूर्ण निर्मित आवासों के आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ मिल सके।
नगर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से निगमायुक्त ने शहर में संचालित ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की अद्यतन सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में जारी नोटिसों का जवाब न देने वाले अथवा असंतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने वाले व्यवसायियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने राजस्व वसूली में तेजी लाने, नामांतरण प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा निगम की सभी संपत्तियों से किराया वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जल संरक्षण और पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों की सफाई, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोक पिट निर्माण, बोरवेल रिचार्ज संरचनाओं तथा पौधारोपण की तैयारियों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और पोर्टल पर समय पर जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से जल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
अवैध कॉलोनियों और फायर सेफ्टी नियमों पर सख्ती
बैठक में अनाधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई तथा फायर सेफ्टी मानकों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने अवैध निर्माणों को रोकने, नियमित एफआईआर दर्ज करने तथा फायर अप्रूवल एवं फायर सेफ्टी प्रमाणपत्र नहीं लेने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों की सूची तैयार कर जून माह के लक्ष्य के अनुरूप कंपाउंडिंग की कार्रवाई पूर्ण करने को कहा।
अमृत योजना और जर्जर भवनों पर भी हुई चर्चा
अमृत योजना की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने 10 जून तक पाइपलाइन विस्तार कार्य पूर्ण करने और वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी प्रकार की खुदाई नहीं करने के निर्देश दिए। वहीं जर्जर भवनों की समीक्षा करते हुए उन्होंने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए ऐसे भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, आदेश जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य बिंदु
.वर्षा पूर्व नाला सफाई कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
.पीएम आवास योजना के आवासों का जल्द होगा आवंटन
.अवैध कॉलोनियों और फायर सेफ्टी नियमों पर सख्ती
.ट्रांसपोर्ट नगर और राजस्व वसूली की हुई समीक्षा
.जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति पर विशेष जोर
.जन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश
.जर्जर भवनों को प्राथमिकता से हटाने की कार्रवाई होगी
.पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण ही प्रशासनिक कार्यप्रणाली की वास्तविक कसौटी है— निगमायुक्त तपस्या परिहार