आपका सारथी कौन अभियान के तहत ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को मिले QR कोड और चालक बैच यात्रियों की सुरक्षा और पारदर्शी परिवहन व्यवस्था को लेकर यातायात पुलिस की अभिनव पहल

0

आपका सारथी कौन अभियान के तहत ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को मिले QR कोड और चालक बैच
यात्रियों की सुरक्षा और पारदर्शी परिवहन व्यवस्था को लेकर यातायात पुलिस की अभिनव पहल
कटनी।। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं भरोसेमंद बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा संचालित आपका सारथी कौन अभियान के तहत थाना यातायात परिसर में विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को विशेष QR कोड एवं चालक बैच वितरित किए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों की पहचान सुनिश्चित करना, उनकी जवाबदेही तय करना तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं पारदर्शी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का संचालन यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान चालकों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा एवं परमिट अद्यतन रखें। यातायात पुलिस द्वारा वितरित किए गए QR कोड की विशेषता यह है कि इसे स्कैन करने पर संबंधित चालक एवं वाहन की आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी।
इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने कहा कि ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक शहर की यातायात व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यदि सभी चालक नियमों का पालन करेंगे तो दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं अनुशासित बनेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाना है।
कार्यक्रम के दौरान चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, वाहन संचालन के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने की समझाइश भी दी गई। यातायात पुलिस ने बताया कि जनजागरूकता एवं जनसहभागिता आधारित ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि कटनी को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आदर्श यातायात व्यवस्था वाला शहर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed