नगर स्वच्छता को लेकर महापौर का सख्त रुख, विभिन्न क्षेत्रों का किया औचक निरीक्षण

0

नगर स्वच्छता को लेकर महापौर का सख्त रुख, विभिन्न क्षेत्रों का किया औचक निरीक्षण
कटनी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गुरुवार को प्रियदर्शिनी बस स्टैंड स्थित नाले, मुक्तिधाम रोड एवं माधवनगर कैम्प क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और नालियों की सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाली कवरिंग कार्य के दौरान पर्याप्त संख्या में चैंबर बनाए जाएं, जिससे भविष्य में सफाई और रखरखाव कार्यों में कोई परेशानी न हो। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने नालों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
महापौर ने कहा कि नाली सफाई एवं कवरिंग तोड़ने के दौरान दुकानों के सामने पर्याप्त स्थान छोड़ा जाए, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो। उन्होंने शहरवासियों से सार्वजनिक स्थलों एवं नालियों में कचरा न फेंकने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। महापौर के इस औचक निरीक्षण से नगर निगम अमले में सक्रियता देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed