शिवाजी नगर की बहुप्रतीक्षित सड़क का सपना साकार, 93 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन
शिवाजी नगर की बहुप्रतीक्षित सड़क का सपना साकार, 93 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन
कटनी।। नगर निगम द्वारा इंदिरा गांधी वार्ड में लगभग 93 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वार्ड की सम्मानित महिला अनिता रोशन सिंह के कर-कमलों से भूमिपूजन कराया गया।
इस दौरान शिवाजी नगर में 51.59 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण तथा लगभग 40 लाख रुपये की लागत से विभिन्न सीसी नाली निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि शिवाजी नगर सड़क निर्माण का वादा क्षेत्रवासियों से किया गया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने कहा कि इन कार्यों से वार्ड की सड़क, जल निकासी एवं आवागमन संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।