अवैध रेत भंडारण पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 310 घन मीटर रेत का किया विनष्टीकरण
शहडोल।जिले के तहसील सोहागपुर अंतर्गत ग्राम नरवार एवं बिजौरी क्षेत्र में रेत के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 310 घन मीटर अवैध रूप से भंडारित रेत का विनष्टीकरण किया है।जानकारी के अनुसार कलेक्टर शहडोल के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा मामले की जांच कराई गई। खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में 7 जून को खनिज अधिकारी एवं विभागीय अमले ने ग्राम बिजौरी एवं नरवार क्षेत्र का मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम बिजौरी में विभिन्न स्थानों पर रेत के अवैध भंडारण पाए गए।
जांच में पुरानी बैगा कॉलोनी, बिजौरी में लगभग 200 घन मीटर रेत शासकीय भूमि पर भंडारित मिली। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी करीब 50 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। विभागीय जांच में सामने आया कि बरसात के मौसम को देखते हुए रेत का भंडारण किया जा रहा था।
खनिज विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से सभी भंडारण स्थलों पर रेत में मिट्टी मिलाकर उसका विनष्टीकरण कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी स्थल पर वाहन नहीं मिले। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन भंडारण करने वाले व्यक्ति के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
खनिज अमले के अनुसार मौके पर कुल लगभग 310 घन मीटर रेत का विनष्टीकरण किया गया है। विभाग ने बताया कि पिछले माह भी इसी क्षेत्र से अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए वाहनों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की गई थी।