NH-43 पर रफ्तार का कहर: बनारस-रायपुर बस ने गाय को रौंदा, फिर अवैध रेत वाली डग्गी को मारी टक्कर; रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV आया सामने
शहडोल (बुढार)।मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 (NH-43) पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बनारस से छत्तीसगढ़ के रायपुर की ओर जा रही द्विवेदी ट्रेवल्स की एक तेज रफ्तार यात्री बस (क्रमांक MP-13-P-2513) अचानक अनियंत्रित हो गई। बेकाबू बस ने सबसे पहले सड़क पर खड़ी एक गाय को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बेजुबान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद भी बस नहीं रुकी और उसने आगे चल रही रेत से भरी एक डग्गी (ट्रैक्टर-ट्रॉली) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रेत से लदी डग्गी सड़क पर ही पलट गई और उसके परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में डग्गी के चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बस में सफर कर रहे कई मुसाफिरों को भी मामूली चोटें पहुंची हैं।
बेकाबू रफ्तार की लाइव तस्वीर CCTV में कैद
यह पूरी खौफनाक घटना पकरिया चौराहे के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बस की गति कितनी घातक थी। तेज रफ्तार के कारण ही चालक बस पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। घटना के तुरंत बाद पकरिया चौराहे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आस-पास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और तुरंत बुढार थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
जांच में खुली पोल: अवैध रेत परिवहन की आशंका
स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की चपेट में आई जो डग्गी पलटी है, वह कथित तौर पर अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रही थी। हालांकि, पुलिस इस पहलू की भी बारीकी से तफ्तीश कर रही है।
हाईवे सुरक्षा पर उठे सवाल: NH-43 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की चेकिंग और हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने यह की कार्रवाई
बुढार थाना पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर बस चालक के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।