मुख्यमंत्री के द्वारा जीपीएम जिले की विष्णु भोग चावल को प्रोत्साहित करने का दिखा असर रायपुर से पहुंचे ग्राहक ने खरीदा 50 किलो चावल
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 12 जून 2026/ सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के द्वारा मरवाही विकासखंड के ग्राम पंचायत निमधा में आयोजित जनचौपाल के में स्थानीय उत्पाद विष्णु भोग चावल की गई प्रशंसा का सकारात्मक प्रभाव अब दिखाई देने लगा है। रायपुर निवासी अजय कुमार ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री का वीडियो देखने के बाद जीपीएम जिले में उत्पादित विष्णु भोग चावल के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद वे कुछ अन्य ग्राहकों के साथ विशेष रूप से जीपीएम जिले पहुंचे और स्थानीय स्तर पर उत्पादित इस पारंपरिक सुगंधित चावल की खरीदी की।
कलेक्टर डॉ संतोष कुमार देवांगन की विशेष उपस्थिति में ग्राहकों ने तिपान महिला फॉर्मर प्रोडूसर कंपनी लिमिटेड गौरेला से 50 किलोग्राम विष्णु भोग चावल खरीदा, जिसकी कुल कीमत 7 हजार रुपये रही। ग्राहकों ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा स्थानीय उत्पाद की सराहना किए जाने के बाद उनकी रुचि इस चावल को लेकर बढ़ी और वे इसकी गुणवत्ता को देखते हुए इसे खरीदने पहुंचे।
इस अवसर पर कंपनी के सीईओ ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से किसानों और महिला उत्पादक समूहों को सीधे लाभ मिल रहा है। उन्होंने विष्णु भोग चावल को नई पहचान दिलाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।