गौरेला के ग्राम अंजनी में विधायक मरपची ने जिला परिवहन कार्यालय भवन का किया भूमिपूजन
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, 18 जून 2026/विधायक प्रणव कुमार मरपची ने आज गौरेला विकासखंड के अंजनी में लगभग 2 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले जिला परिवहन कार्यालय भवन का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मरपच्ची ने कहा कि जिला परिवहन कार्यालय भवन के निर्माण से जिलेवासियों को परिवहन संबंधी सेवाएं और अधिक सुगमता एवं सुविधा के साथ उपलब्ध होंगी। इससे आम नागरिकों को विभिन्न कार्यों के लिए अन्य जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा परिवहन विभाग की सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित होगा।
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा प्रशासनिक सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नए भवन के निर्माण से जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा। भूमिपूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए राज्य शासन एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।