मंडी शुल्क वृद्धि के विरोध में कटनी कृषि उपज मंडी बंद, व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

0

मंडी शुल्क वृद्धि के विरोध में कटनी कृषि उपज मंडी बंद, व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
कटनी। प्रदेश शासन द्वारा मंडी शुल्क में की गई वृद्धि के विरोध में सोमवार को प्रदेशव्यापी बंद के आह्वान के समर्थन में कटनी कृषि उपज मंडी के व्यापारियों ने हड़ताल करते हुए मंडी का संपूर्ण कारोबार बंद रखा। इस दौरान व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई मंडी शुल्क को वापस लेने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि शासन द्वारा मंडी शुल्क को 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत किए जाने से किसानों और व्यापारियों दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। इससे कृषि व्यापार प्रभावित होने के साथ-साथ किसानों की आय पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। कटनी कृषि उपज मंडी में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने एकजुट होकर शुल्क वृद्धि के निर्णय का विरोध किया और शासन से तत्काल इस आदेश को निरस्त करने की मांग की। व्यापारियों ने मंडी सचिव के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेशभर की मंडियों में व्यापारियों ने बंद का समर्थन किया है। उनका मानना है कि मंडी शुल्क में वृद्धि से कृषि उपज की लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर किसानों और उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। व्यापारियों ने शासन से किसानों और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मंडी शुल्क वृद्धि के निर्णय पर पुनर्विचार कर उसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *