मुहर्रम पर्व को लेकर कटनी पुलिस सतर्क, शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च
मुहर्रम पर्व को लेकर कटनी पुलिस सतर्क, शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च
कटनी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में शहर एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आमजन, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर व्यवस्थाओं एवं क्षेत्रीय परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त की। पुलिस की मौजूदगी से नागरिकों में सुरक्षा का संदेश भी गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न कराना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को प्रभावित करने वाली सामग्री साझा करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग, संयम और जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।