नदी घाटों से सड़क तक निगरानी, अवैध रेत परिवहन पर विजयराघवगढ़ और बड़वारा पुलिस की कार्रवाई तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
नदी घाटों से सड़क तक निगरानी, अवैध रेत परिवहन पर विजयराघवगढ़ और बड़वारा पुलिस की कार्रवाई
तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
कटनी।। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
विजयराघवगढ़ पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान नदीपार पानी टंकी के पास विजयराघवगढ़ रोड पर एक लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की। जांच में ट्रॉली में रेत भरी मिली। चालक ने अपना नाम दिनेश केवट 20 वर्ष, निवासी ग्राम गुड़ेहा थाना विजयराघवगढ़ बताया। पूछताछ के दौरान रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस ने बिना नंबर के ट्रैक्टर को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त करते हुए चालक के विरुद्ध धारा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई हेतु मामला खनिज शाखा को भेज दिया।
इसी क्रम में थाना बड़वारा पुलिस ने ग्राम गश्त और अपराधियों की तलाश के दौरान ग्राम भुडसा के नौआ घाट क्षेत्र में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं। इनमें एक लाल रंग का बिना नंबर महिंद्रा ट्रैक्टर और दूसरा नीले रंग का पावरट्रैक ट्रैक्टर शामिल था। दोनों ट्रॉलियों में रेत भरी हुई थी। पहले वाहन चालक ने अपना नाम गंगा कोल 30 वर्ष, निवासी लमकना और दूसरे चालक ने विजेंद्र कोल 21 वर्ष , निवासी भुडसा बताया। दोनों चालक रेत परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा और वैधानिक कार्रवाई शुरू की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक के.के. पटेल, सहायक उपनिरीक्षक महेश प्रताप सिंह तथा आरक्षक अनिल साकेत की भूमिका उल्लेखनीय रही।
लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से यह संकेत स्पष्ट है कि जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान तेज किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।