पासपोर्ट सेवा केंद्र दिलाने की लड़ाई रंग लाई, दिव्यांशु (अंशु) मिश्रा की याचिका पर हाईकोर्ट का बड़ा निर्देश मामले में केंद्र सरकार से जवाब तलब,एक सप्ताह में मांगा जवाब
पासपोर्ट सेवा केंद्र दिलाने की लड़ाई रंग लाई, दिव्यांशु (अंशु) मिश्रा की याचिका पर हाईकोर्ट का बड़ा निर्देश मामले में केंद्र सरकार से जवाब तलब,एक सप्ताह में मांगा जवाब
कटनी।। जिले में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) स्थापित करने की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने गंभीर रुख अपनाया है। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ ने केंद्र सरकार को निर्देश दिए हैं कि मामले में एक सप्ताह के भीतर विस्तृत जवाब प्रस्तुत किया जाए। जनहित याचिका (WP 24323/2025) कटनी के समाजसेवी दिव्यांशु (अंशु) मिश्रा की ओर से अधिवक्ता योगेश सोनी एवं आर्यन उरमलिया के माध्यम से दायर की गई है। याचिका में कहा गया है कि कटनी प्रदेश का महत्वपूर्ण औद्योगिक, खनिज और व्यापारिक जिला होने के साथ-साथ देश का प्रमुख रेलवे जंक्शन भी है, लेकिन अब तक यहां पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित नहीं किया गया।
याचिका के अनुसार, वर्तमान में पासपोर्ट से जुड़े कार्यों के लिए कटनी के नागरिकों को जबलपुर, सतना या अन्य जिलों तक जाना पड़ता है। इससे समय, धन और अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि कटनी में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित होता है, तो इसका सीधा लाभ छात्र-छात्राओं को,विदेश में रोजगार की तैयारी कर रहे युवाओं को,वरिष्ठ नागरिकों को, महिलाओं को,आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को मिल सकता है।
सांसद ने भी उठाई थी मांग
याचिका में यह भी बताया गया कि पूर्व में केंद्र सरकार को इस संबंध में अभ्यावेदन भेजे गए थे तथा क्षेत्रीय सांसद द्वारा भी विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर मांग रखी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्पष्ट संकेत दिए कि मामले में अनावश्यक विलंब उचित नहीं माना जाएगा और निर्धारित समय में जवाब दाखिल किया जाए। अब अगली सुनवाई केंद्र सरकार के जवाब के बाद होगी। याचिकाकर्ता दिव्यांशु मिश्रा (अंशु) का कहना है कि तेजी से विकसित हो रहे कटनी जिले में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित होना समय की आवश्यकता है और इससे लाखों नागरिकों को सुविधा मिलेगी।