लूट का मुख्य आरोपी अमृतसर (पंजाब) से गिरफ्तार हाईवे कैमरों और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

0

लूट का मुख्य आरोपी अमृतसर (पंजाब) से गिरफ्तार
हाईवे कैमरों और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
कटनी।। पुलिस चौकी झिंझरी को लूट के मामले में बड़ी सफलता मिली है। चौकी क्षेत्र में हुई लूट की वारदात के मुख्य आरोपी को पुलिस ने अमृतसर (पंजाब) से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे के मार्गदर्शन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 को फरियादी ने चौकी झिंझरी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से बढ़ई कार्य के लिए ग्राम गैतरा से धरमपुरा जा रहा था। सुबह करीब 5:45 बजे पिपरौंध से जयंतीनगर मार्ग पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने हाथ देकर उन्हें रोकने का प्रयास किया।
फरियादी के अनुसार आरोपियों में से एक के हाथ में कट्टे जैसा हथियार था। जब उन्होंने रुकने के बजाय निकलने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके पिता को पकड़कर नीचे गिरा दिया तथा फरियादी के सिर पर हथियार अड़ाकर मोटरसाइकिल छीनकर जबलपुर-कटनी हाईवे की ओर फरार हो गए।
मामले में थाना माधवनगर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और साइबर सेल कटनी की तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी मनराज उर्फ मनमोहित सिंह (35 वर्ष), निवासी मीराकोट, थाना कम्बो, जिला अमृतसर (पंजाब) को 24 जून 2026 को अमृतसर से अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार दुबे, सउनि शशिभूषण सिंह, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी एवं आरक्षक अजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed