पत्रकारों को साइबर सुरक्षा का संदेश, आमजन को जागरूक करने का लिया संकल्प
पत्रकारों को साइबर सुरक्षा का संदेश, आमजन को जागरूक करने का लिया संकल्प
कटनी।। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए कटनी के समस्त पत्रकार बंधुओं को साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, उनसे बचने के उपायों तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की आवश्यकता पर विस्तार से संवाद स्थापित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।
इस अवसर पर सभी पत्रकार बंधुओं ने साइबर जागरूकता का संदेश देते हुए वीडियो भी रिकॉर्ड किए, ताकि सोशल मीडिया एवं विभिन्न समाचार माध्यमों के जरिए आमजन तक सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके।
कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुँचाना तथा लोगों को डिजिटल दुनिया में सतर्क और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करना रहा। उपस्थित सभी पत्रकारों ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी ऑनलाइन लेनदेन या डिजिटल गतिविधि के दौरान सावधानी बरतें और साइबर अपराध की आशंका होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।