नो-एंट्री में घुसे रेत से भरे ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 40 फीट तक घिसटी कार, सभी सवार सुरक्षित

0

नो-एंट्री में घुसे रेत से भरे ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 40 फीट तक घिसटी कार, सभी सवार सुरक्षित
कटनी।। कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत कटनी-दमोह-पन्ना मार्ग स्थित साईं मंदिर के पास गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नो-एंट्री में घुसे रेत से ओवरलोड तेज रफ्तार छह चक्का ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क पर घूम गई और करीब 40 फीट तक घिसटती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए कार का दरवाजा खोलकर उसमें सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि हादसा बेहद भयावह होने के बावजूद कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। हालांकि कार को भारी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल ट्रक का पंजीयन क्रमांक MP20GA6090 है। घटना की सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed