जल चौपाल में कलेक्टर ने जल संरक्षण का दिया संदेश, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही 3 जुलाई 2026/ जिले के गौरेला विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्री में जल चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ संतोष कुमार देवांगन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकेश रावटे सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया और ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं पेयजल योजनाओं के बेहतर संचालन के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में कलेक्टर ने ग्रामवासियों से कहा कि पेयजल योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित होने के बाद उनका सुचारु संचालन और रखरखाव सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल संधारण और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने ग्राम पंचायत को प्रति माह जल कर लेने और इस राशि का उपयोग योजना के संचालन में करने के लिए कहा। साथ ही पंचायत में मोटर के चालू-बंद करने के लिए एस व्यक्ति को रखने और उसको उस कार्य का भुगतान भी करने कहा। लोगों को अपने दायित्वों के प्रति जागरूक होकर योजनाओं के सफल संचालन में सहयोग देने का संदेश दिया।
जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि पानी की महत्व को समझें और गांव के हर व्यक्ति की जवाबदारी होती है कि वे जल का दुरुपयोग नहीं करें और नलों में टोटी अवश्य रुप से लगाऐं। जिससे पानी की बर्बादी ना हो। उन्होंने आजीविका गतिविधियों को बढ़ाने, वीबी जीरामजी में अधिक से अधिक सहभागिता करने की अपील की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत एवं आंगनबाड़ी परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती श्यामवती मसराम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता प्रिया सोनी, सहायक अभियंता बी.के. इक्का, उप अभियंता एन.एस. कंवर, जिला समन्वयक चंचल सिंह तथा ललिता वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।