एन के जे पुलिस ने हत्या के प्रयास का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कार जब्त

0

एन के जे पुलिस ने हत्या के प्रयास का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कार जब्त
कटनी। थाना एन.के.जे. पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को देवराखुर्द निवासी 65 वर्षीय बिहारी लाल सोनी ने विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर थाना एन.के.जे. में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। शिकायत दर्ज कराने के बाद बिहारी लाल सोनी अपने पुत्र संजय कुमार सोनी और सतेंद्र कुमार सोनी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। आरोप है कि जुहली मोड़ नहर पुलिया के पास विनोद तिवारी अपनी कार से उनका पीछा करते हुए पहुंचा, मोटरसाइकिल रोककर विवाद किया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने कार से मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिर गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बिहारी लाल सोनी को जान से मारने की नीयत से कार को कई बार आगे-पीछे चलाकर कुचलने का प्रयास किया और इसके बाद मौके से फरार हो गया। घायल की शिकायत पर थाना एन.के.जे. में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में दूसरा मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनोद तिवारी उर्फ गुलानी महाराज (47), निवासी देवरा खुर्द, थाना एन.के.जे. को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक MP-21-ZJ-7617 को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई करते हुए मामले की विवेचना जारी होने की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed