माला बेचकर करते थे रेकी, रात में काटते थे चंदन के पेड़ तस्करी गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार
माला बेचकर करते थे रेकी, रात में काटते थे चंदन के पेड़ तस्करी गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार
कटनी। थाना माधवनगर पुलिस ने चंदन की तस्करी और चोरी में संलिप्त एक जिला स्तरीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चंदन के पेड़ों के टुकड़े भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से सुनसान क्षेत्रों में चंदन के पेड़ों को निशाना बनाकर उनकी तस्करी करता था।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह का खुलासा किया।
मामला ग्राम छहरी स्थित एक बगीचे से जुड़ा है, जहां मार्च 2026 में चोरों ने 15 चंदन के पेड़ काटकर चोरी कर लिए थे तथा 15 अन्य पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया था। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सतना जिले में हैं। स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद प्रोडक्शन वारंट पर माधवनगर पुलिस ने आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य माला, रुद्राक्ष और धार्मिक सामग्री बेचने के बहाने गांवों में घूमकर पहले चंदन के पेड़ों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय महिला और पुरुष सदस्य मिलकर पेड़ों को काटकर उनकी तस्करी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया चंदन भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के खिलाफ अन्य जिलों, विशेषकर सतना में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के नेटवर्क और चोरी किए गए चंदन की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।