उद्योगपति हमला कांड में पुलिस का एक्शन तेज एक आरोपी अस्पताल में भर्ती, पांच और आरोपी गिरफ्तार वारदात में प्रयुक्त कार जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

0

उद्योगपति हमला कांड में पुलिस का एक्शन तेज
एक आरोपी अस्पताल में भर्ती, पांच और आरोपी गिरफ्तार वारदात में प्रयुक्त कार जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
कटनी। शहर के चर्चित उद्योगपति मुकेश गुप्ता हमला प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। माधवनगर थाना पुलिस ने अब तक छह आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को उद्योगपति मुकेश कुमार गुप्ता की शिकायत पर रमेश शुक्ला, यज्ञवल शुक्ला, हर्ष पाण्डेय, अरमान द्विवेदी, मनोज कुशवाहा, कोका शुक्ला, मनु परौहा सहित 30-35 अन्य लोगों के विरुद्ध बलवा, मारपीट, गाली-गलौज और कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान हर्ष पाण्डेय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत खराब होने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस सुरक्षा में उसका उपचार चल रहा है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में पुलिस ने नीलेश विश्वकर्मा, चाहत सोनी, मनोज कुशवाहा, विकास गुप्ता और सुधाकर गौतम को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में इन आरोपियों ने भी घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। सभी को विधिवत गिरफ्तार कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑल्टो कार क्रमांक एमपी-21-सीसी-4332 भी आरोपी सुधाकर गौतम के कब्जे से जब्त कर ली है। वाहन को पुलिस अभिरक्षा में लेकर जांच की जा रही है। माधवनगर थाना पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस बहुचर्चित मामले में पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद जांच में आगे कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed