‘SAFE CLICK 2.0’ अभियान के तहत अस्पतालों, छात्रावासों व सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता अभियान
‘SAFE CLICK 2.0’ अभियान के तहत अस्पतालों, छात्रावासों व सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता अभियान
कटनी।। मध्यप्रदेश पुलिस के “SAFE CLICK 2.0” साइबर सुरक्षा अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अस्पतालों, छात्रावासों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा न करने, संदिग्ध लिंक एवं क्यूआर कोड से सावधान रहने तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन की जानकारी दी।
अभियान के दौरान उमरियापान, जिला अस्पताल कटनी, स्लीमनाबाद, बरही, बहोरीबंद, एनकेजे और कोतवाली थाना क्षेत्रों में मरीजों, परिजनों, विद्यार्थियों, अस्पताल स्टाफ, यात्रियों और आमजन को पोस्टर, पम्पलेट एवं संवाद के माध्यम से साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि “SAFE CLICK 2.0” अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराना है।