दिव्यांग आदिवासी महिला से दस्तावेज लेने के बाद भी नहीं मिली व्हीलचेयर, समाज कल्याण विभाग ने तत्काल उपलब्ध कराया वॉकर

0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के ग्राम दौजरा में दिव्यांग हितग्राही को समय पर व्हीलचेयर नहीं मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम पंचायत दौजरा के जनप्रतिनिधि द्वारा  हितग्राही मैकिन बाई से व्हीलचेयर के लिए आवश्यक आवेदन एवं दस्तावेज तो ले लिए गए, लेकिन लंबे समय तक उसे किसी प्रकार की सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे परेशान हितग्राही को अपनी दैनिक गतिविधियों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

अपनी समस्या का समाधान नहीं होने पर हितग्राही स्वयं समाज कल्याण विभाग पहुंची और विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की। मामले की जानकारी मिलते ही समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक नितिन कुमार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल राहत के रूप में हितग्राही को वॉकर उपलब्ध कराया, जिससे उसे आवागमन में कुछ सुविधा मिल सके।

 

सहायक संचालक नितिन कुमार ने हितग्राही को आश्वस्त किया कि विभागीय प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे जल्द से जल्द व्हीलचेयर अथवा बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वह आत्मनिर्भर होकर अपने दैनिक कार्य आसानी से कर सके।

इस घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा है कि दिव्यांग एवं जरूरतमंद हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को अधिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। वहीं हितग्राही ने समाज कल्याण विभाग द्वारा त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर विभाग का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!