नीट-2026 में सफलता प्राप्त एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कलेक्टर से की सौजन्य भेंट सेवा भाव के साथ डॉक्टर बनकर जिले की सेवा करने और अन्य विद्यार्थियों को प्रेरित करने कलेक्टर ने दिया संदेश

0

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 29 जुलाई 2026/राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया एवं लाटा के 10 विद्यार्थियों ने आज कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्हें गिफ्ट भी प्रदान किया।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनका परिचय प्राप्त किया तथा भविष्य की योजनाओं और लक्ष्य के बारे में चर्चा की।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर उत्कृष्ट डॉक्टर बनें और आगे चलकर अपने जिले में लौटकर जनसेवा के कार्य में योगदान दें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि समाज के विकास में सार्थक योगदान देना भी है। विद्यार्थी अपनी उपलब्धियों से अन्य बच्चों को भी प्रेरित करें तथा जिले के विकास में प्रशासन के सहयोगी भी बनें। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में हुई उनकी मुलाकात एवं संवाद के अनुभव भी साझा किए और विद्यार्थियों से सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि नीट-2026 में सफलता प्राप्त करने वाले इन 10 विद्यार्थियों में 8 बालिकाएं एवं 2 बालक शामिल हैं। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा से मोहनीश कुमार, शालिनी पैकरा, गायत्री ओट्टी, निमेंद्र कुमार एवं दुच्छा पैकरा तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया से हेमनंदनी पैकरा, राजनंदनी पोर्ते, आश्मा, रश्मी उरेती एवं शालू पोर्ते ने सफलता प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री गोपेश मनहर, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया के प्राचार्य श्री राजीव कुमार पांडे, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लाटा के प्राचार्य श्री अमित कुमार भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!