गुरु पूर्णिमा पर महाविद्यालय में विशेष आयोजन, गुरु-शिष्य परंपरा और भारतीय संस्कृति पर हुआ मंथन

0
शहडोल। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार महर्षि वेदव्यास एवं महर्षि सांदीपनि प्राकट्योत्सव के अवसर पर पंडित अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय, जयसिंहनगर में गुरु पूर्णिमा उत्सव श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें गुरु के महत्व, भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा और आध्यात्मिक जीवन मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जयश्री कचेर मंडल अध्यक्ष, जयसिंहनगर, शिक्षक के.पी. चतुर्वेदी, आचार्य रामशरण शास्त्री एवं वरिष्ठ नागरिक सीताप्रसाद द्विवेदी द्वारा मां सरस्वती, महर्षि सांदीपनि, महर्षि वेदव्यास एवं संत कबीरदास के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्प, शॉल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया।
अपने स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी ने रामचरितमानस के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु का ज्ञान और कृपा ही मनुष्य को अज्ञान से ज्ञान तथा सांसारिक बंधनों से मुक्ति की ओर ले जाती है। उन्होंने संत कबीरदास के जीवन के माध्यम से गुरु की महिमा का भी उल्लेख किया।
मुख्य अतिथि जयश्री कचेर ने विद्यार्थियों से गुरुओं का सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन में अपने जीवन को सफल बनाने का आह्वान किया। आचार्य रामशरण शास्त्री ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता बताते हुए कहा कि गुरु की कृपा ही व्यक्ति के जीवन को प्रकाशवान बनाती है। वहीं शिक्षक के.पी. चतुर्वेदी ने भगवान श्रीकृष्ण एवं बलराम की शिक्षा-दीक्षा का उल्लेख करते हुए महर्षि सांदीपनि और महर्षि वेदव्यास की ऋषि परंपरा एवं भारतीय ज्ञान-विरासत पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. शुभांगी गुप्ता, प्रभारी स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ ने किया, जबकि हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना जायसवाल ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रो. उत्तम सिंह, प्रो. अजय बैगा, डॉ. तबस्सुम शेख, डॉ. मुनौवर अली, प्रो. जसीम अहमद, प्रो. आदित्य शुक्ला, जितेंद्र साकेत, रागिनी गुप्ता, डॉ. सौरभ मदन, अजीत कुशवाहा, रामनरेश चौधरी, विवेक पाठक, विपिन गुप्ता, सीतेंद्र पयासी, श्रवण मिश्रा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!