गुरु पूर्णिमा पर मां दुर्गा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
शहडोल। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर नगर परिषद बकहो-अमलाई के वार्ड क्रमांक 5 स्थित मां दुर्गा देवी मंदिर श्रद्धा, भक्ति और सेवा का केंद्र बना रहा। सामान्य प्रशासन विभाग नगर पालिका धनपुरी की सभापति श्रीमती नीता सोनकर एवं सोनकर परिवार के तत्वावधान में मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया।बुधवार दोपहर 1 बजे से शुरू हुए धार्मिक आयोजन में मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा। मां दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भक्ति गीतों और धार्मिक माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया।
कार्यक्रम में नगर पालिका धनपुरी के पार्षद विनय सिंह, दिव्या रेखा सिंह, राजस्व विभाग की सभापति श्रीमती सरिता दहिया, गुड्डू दहिया, अरविंद सिंह, भोला प्रसाद पनिका, पार्षद आनंद कचेर, पूर्व सभापति एवं पार्षद प्रवीण बदौलिया, पार्षद स्कंद सोनी, अशोक भारती, नगर परिषद बकहो की अध्यक्षा श्रीमती मौसमी केवट, विष्णु केवट, आशीष चमकेल, संजय करण सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर नगर पालिका धनपुरी के पूर्व सीएमओ एवं नगर परिषद बकहो के प्रथम मुख्य नगर पालिका अधिकारी रवि करण त्रिपाठी की उपस्थिति भी विशेष रही।
मंदिर के पुजारी ने श्रद्धालुओं को गुरु पूर्णिमा का महत्व बताते हुए मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। आयोजन के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।