कटकोनी में जलनिकासी व्यवस्था ध्वस्त, हाईवे पर जलभराव से जनजीवन बेहाल

0
पेट्रोल पंप तक पहुंचा पानी, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं; 15 दिन में समाधान नहीं हुआ तो एनएच-43 पर आंदोलन की चेतावनी
शहडोल। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर शहडोल-बुढार-अनूपपुर मार्ग स्थित कटकोनी के प्रवेश क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। हालिया बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईवे के नीचे बनी जल निकासी की क्रॉस ड्रेनेज संरचना अवरुद्ध होने के कारण बरसाती एवं नाली का पानी सड़क और आसपास के क्षेत्रों में भर रहा है।
इस समस्या का सबसे अधिक असर कटकोनी स्थित मारुति नंदन पेट्रोल पंप पर देखा जा रहा है। पेट्रोल पंप परिसर में लगातार जलभराव रहने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। साथ ही पेट्रोल और डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थों के बीच पानी भरा रहने से सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
पेट्रोल पंप संचालक हनुमान खंडेलवाल ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कलेक्टर, पुलिस प्रशासन, स्थानीय सांसद, विधायक, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत सहित संबंधित विभागों को कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं बढ़ रही हैं। वहीं तेज रफ्तार से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण पानी की बौछारें दुकानों और राहगीरों पर पड़ती हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लंबे समय तक जलभराव बने रहने से सड़क की स्थिति भी खराब होती जा रही है, जिससे भविष्य में बड़े हादसों की आशंका बनी हुई है।
समाजसेवी एवं पूर्व महामंत्री जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल रविकांत शर्मा ने भी प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
इधर, हनुमान खंडेलवाल ने प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर चक्काजाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
कटकोनी में वर्षों से चली आ रही यह समस्या अब केवल असुविधा तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि लोगों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और स्थानीय व्यापार पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। ऐसे में लोगों की निगाहें अब जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!