कलेक्टर बने शिक्षक, छात्रा से हल कराया त्रिकोणमिति का सवाल; शिक्षा गुणवत्ता परखी, छात्रावास की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के पहले दिन कन्या आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण, प्रोटीनयुक्त आहार, सीसीटीवी और फुटबॉल मैदान विकसित करने के दिए निर्देशशहडोल। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के प्रथम दिवस कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत कंचनपुर स्थित शासकीय कन्या आवासीय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने न केवल विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया, बल्कि स्वयं शिक्षक की भूमिका निभाते हुए छात्रा से गणित के प्रश्न हल कराकर उसकी तैयारी भी परखी।
कलेक्टर के साथ पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति भी मौजूद रहे। कक्षा 11वीं में चल रही गणित की कक्षा के दौरान कलेक्टर ने त्रिकोणमिति का प्रश्न छात्रा राजेश्वरी सिंह से अपने सामने हल कराया। छात्रा द्वारा सही उत्तर दिए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और सभी विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधीक्षक को निर्देश दिए कि छात्राओं को नियमित रूप से प्रोटीनयुक्त भोजन, फल एवं दूध उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके शारीरिक और मानसिक विकास में कोई कमी न रहे। उन्होंने छात्रावास क्रमांक-1 में साफ-सफाई, आवासीय सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने छात्रावास एवं विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस पर प्राचार्य डी.के. श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालय में पहले से ही सीसीटीवी कैमरे स्थापित हैं। इसके अलावा छात्राओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में फुटबॉल मैदान विकसित करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अमृता गर्ग, सहायक संचालक संजय पाण्डेय, डीपीसी अमरनाथ सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।