विकास कार्यों से संवरेंगे वार्ड, करीब 60 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

0

विकास कार्यों से संवरेंगे वार्ड, करीब 60 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
कटनी।। नगर के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में आचार्य विनोबा भावे वार्ड क्रमांक 15 में करीब 39 लाख 50 हजार रुपये तथा रामकृष्ण परमहंस वार्ड क्रमांक 34 के मंगल नगर में 20 लाख 49 हजार रुपये की लागत से होने वाले नाली एवं सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। दोनों कार्यक्रमों में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षदों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही।

आचार्य विनोबा भावे वार्ड में 39.50 लाख के विकास कार्यों की शुरुआत
आचार्य विनोबा भावे वार्ड क्रमांक 15 में करीब 39 लाख 50 हजार रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं जिला महामंत्री श्री सुखदेव चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वार्ड के वरिष्ठ नागरिक श्री बिहारीलाल गुप्ता के करकमलों से कराया गया। भूमिपूजन के तहत वार्ड के विभिन्न स्थानों पर सी.सी. नाली निर्माण के साथ बरम बाबा से सोनीराम अहिरवार तक सी.सी. रोड निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से भी नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की आवश्यकता एवं प्राथमिकता के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि कचरा केवल कचरा गाड़ी में ही डालें और अपने वार्ड के साथ पूरे नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहभागी बनें। महापौर ने नागरिकों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाने का भी आग्रह किया।

क्षेत्रीय पार्षद श्री सुखदेव चौधरी ने कहा कि वार्डवासियों के लिए यह खुशी का अवसर है। उन्होंने महापौर एवं नगर निगम द्वारा वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को नगर निगम के समक्ष रखकर उनके निराकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मंगल नगर में 20.49 लाख की नाली का भूमिपूजन
इसी क्रम में रामकृष्ण परमहंस वार्ड क्रमांक 34 के मंगल नगर में पुलिया के पास करीब 20 लाख 49 हजार रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। भूमिपूजन वार्ड के वरिष्ठजनों के करकमलों से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी, एमआईसी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर के प्रत्येक क्षेत्र में जरूरत के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। नागरिकों की समस्याओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक लाभ तभी है, जब उसका सीधा असर आम नागरिक के दैनिक जीवन में दिखाई दे।
क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी ने नाली निर्माण कार्य को वार्ड के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या से नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं को भी नगर निगम के समक्ष प्राथमिकता के साथ रखने और उनके निराकरण के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही। स्थानीय नागरिकों ने भी विकास कार्य के भूमिपूजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिया के पास नाली निर्माण से बारिश के दिनों में पानी की निकासी बेहतर होगी और जलभराव के कारण होने वाली रोजमर्रा की परेशानियों में कमी आएगी। नागरिकों ने निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा होने की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सर्वश्री सुभाष साहू, पूर्व पार्षद विजय ‘डब्बू’ रजक, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल अध्यक्ष रजत जैन, मंडल महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, मंडल उपाध्यक्ष राजकुमार चक्रवर्ती एवं अजय निषाद, वार्ड संयोजक दिनेश रजक, अंकित मिश्रा सहित संतोष निषाद, मुकेश चौधरी, राममिलन दुबे, शंभू शर्मा, बद्रीप्रसाद गुप्ता, मोबीन अहमद खान, रमेश पटेल, किशोर गुप्ता, राजेश बर्मन, राकेश रजक, संतकुमार, संजू गुप्ता, छोटे श्रीवास सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर के दोनों वार्डों में हुए इन विकास कार्यों के भूमिपूजन से क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा गया। नाली एवं सड़क निर्माण जैसे कार्य सीधे तौर पर नागरिकों की दैनिक सुविधाओं, आवागमन और जल निकासी व्यवस्था से जुड़े हैं। ऐसे में निर्माण कार्य पूरे होने के बाद संबंधित क्षेत्रों के रहवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed