हरेली पर हरित जीपीएम अभियान का भव्य आयोजन, तीन गांवों को मिला प्रशस्ति पत्र
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,12 अगस्त 2026/ छत्तीसगढ़ के प्रथम तिहार हरेली के खास अवसर पर जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के विकासखंड मरवाही अंतर्गत ग्राम डोंगरिया में जिलास्तरीय ‘हरित जीपीएम एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा जल जीवन मिशन/नल-जल योजना के अंतर्गत जिले के तीन ग्रामों—नेवसा, चुकतीपानी और लालपुर—को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रणव कुमार मरपच्ची तथा कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. की उपस्थिति में मुख्य अतिथि के हाथों इन ग्रामों को ‘जल अर्पण’ के तहत प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। हरेली पर्व के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधरोपण तथा जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।