20 अगस्त तक डीएलसी का शेष कार्य पूरा करें, समय-सीमा प्रकरणों में देरी बर्दाश्त नहीं: निगमायुक्त परिहार
20 अगस्त तक डीएलसी का शेष कार्य पूरा करें, समय-सीमा प्रकरणों में देरी बर्दाश्त नहीं: निगमायुक्त परिहार

कटनी। नगर निगम के एमआईसी सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित टीएल बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सीएम हेल्पलाइन, विभागीय गतिविधियों, समय-सीमा प्रकरणों तथा विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने, पारदर्शिता बनाए रखने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के डीएलसी कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि करीब 82 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। निगमायुक्त ने वार्डवार समीक्षा करते हुए मृतक हितग्राहियों के आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर शेष डीएलसी कार्य 20 अगस्त तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्ण जानकारी सामाजिक न्याय विभाग को भेजने को कहा।
राजस्व वसूली में तेजी के निर्देश
राजस्व वसूली निर्धारित लक्ष्य से कम पाए जाने पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने दैनिक एवं साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। नामांतरण प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण, बाजार वसूली और ट्रेड लाइसेंस की वसूली में तेजी लाने के साथ ही सिक्मी किरायेदारों के अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई करने को कहा।
लंबित प्रकरणों पर सख्ती
सीएम हेल्पलाइन, महापौर जनसुनवाई तथा जलप्रदाय, लोककर्म, सीवर, उद्यान, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं एवं नागरिकों से जुड़े प्रकरणों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
100 दिवस से अधिक पुरानी सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए। लापरवाही पाए जाने पर एल-1 एवं एल-2 अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई प्रस्तावित करने की चेतावनी भी दी गई। महापौर जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।
हॉकर्स जोन और बस स्टॉप होंगे व्यवस्थित
शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के लिए संभावित स्थलों का सर्वे कर सुविधायुक्त हॉकर्स जोन विकसित करने के निर्देश दिए गए। बस स्टॉप स्थलों को अतिक्रमणमुक्त कराने के साथ जल निकासी, सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
जलकर राहत योजना का प्रचार
बड़े जलकर बकायादारों को राहत देने के लिए संचालित विशेष योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने जोन कार्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा बकायादारों को संदेश भेजकर व्यक्तिगत संपर्क करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक योजना का लाभ ले सकें।
दो शिफ्ट में होगा फॉगिंग अभियान
मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दो शिफ्ट में फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई तथा घुमंतू मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई तेज करने को कहा गया। अमीरगंज कांजी हाउस की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए वार्ड दरोगाओं को सुबह-शाम निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। विकास परियोजनाओं और फायर सेफ्टी की समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत योजना, अवैध कॉलोनी निर्माण, कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी, जर्जर भवनों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता, श्रीमती प्रियंका झारिया सहित नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के विभाग प्रमुख एवं लिपिक उपस्थित रहे।