गेस्ट हाउस में मृत मिले आयकर अधिकारी मानवेंद्र सिंह, साइलेंट अटैक की आशंका

0

गेस्ट हाउस में मृत मिले आयकर अधिकारी मानवेंद्र सिंह, साइलेंट अटैक की आशंका
कटनी।। आयकर विभाग में पदस्थ आयकर अधिकारी मानवेंद्र सिंह गुरुवार सुबह आयकर कार्यालय के समीप स्थित कॉलोनी के गेस्ट हाउस में अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मानवेंद्र सिंह गेस्ट हाउस के कमरे में अकेले रहते थे। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर एक कर्मचारी उन्हें जगाने पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कर्मचारी ने इसकी सूचना कार्यालय के अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां मानवेंद्र सिंह बेड पर अचेत अवस्था में पड़े मिले।
तत्काल चिकित्सक को बुलाया गया। जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब 10 बजे तक मानवेंद्र सिंह अपने मित्रों से फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने भोजन किया और कमरे का दरवाजा बंद कर सो गए। सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर घटना का पता चला।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। मृतक के परिजन उत्तर प्रदेश में रहते हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के कटनी पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक तौर पर रात में साइलेंट हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कमरे से फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु बरामद होने की जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed