अपराध समीक्षा बैठक में एसपी के सख्त निर्देश, ग्राउंड पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर तकनीकी अनुसंधान, नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण की बनाई रणनीति
अपराध समीक्षा बैठक में एसपी के सख्त निर्देश, ग्राउंड पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर
तकनीकी अनुसंधान, नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण की बनाई रणनीति
कटनी। पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले की अपराध स्थिति, लंबित प्रकरणों, कानून व्यवस्था, पुलिसिंग व्यवस्था और आगामी चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए प्रभावी ग्राउंड पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने, सामाजिक एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ समय रहते सख्त वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना की समीक्षा करते हुए एसपी ने तकनीकी एवं एक्सपर्ट आधारित अनुसंधान को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अपराधों के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और उपलब्ध डिजिटल संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए वैज्ञानिक पद्धति से विवेचना करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने CCTNS, e-Sakshya, e-FIR और टैब के माध्यम से पुलिस अनुसंधान एवं अन्य कार्यवाहियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। डिजिटल संसाधनों के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता, पारदर्शिता और कार्रवाई की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
NDPS एक्ट के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कमर्शियल मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी वाले मामलों में प्रभावी एवं विधि-सम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की बात कही।
यातायात एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध अधिक से अधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। धारा 185 मोटरयान अधिनियम सहित संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही वाहन चेकिंग अभियान को प्रभावी बनाने को कहा गया।
दो पहिया, चार पहिया सहित सभी प्रकार के वाहनों की सघन एवं निष्पक्ष जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में CM हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुनकर समय-सीमा में निराकरण करने तथा शिकायतों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
SC/ST एक्ट से जुड़े मामलों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पूरा कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस कर्मचारियों के अनुशासन एवं व्यवहार को लेकर भी एसपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्धारित वर्दी में ड्यूटी करने, आवश्यकतानुसार बॉडी वार्न कैमरा एवं रिफ्लेक्टर का उपयोग करने तथा आमजन से बेहतर एवं विनम्र संवाद स्थापित करने पर जोर दिया गया।
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ आमजन को बेहतर पुलिसिंग का अनुभव कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। थाना स्तर पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी, त्वरित कार्रवाई, तकनीकी संसाधनों का उपयोग और जनता के साथ बेहतर संवाद को लगातार मजबूत किया जाना चाहिए। बैठक में लंबित अपराधों के निराकरण, गुम बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए विशेष अभियान, शिकायतों के निराकरण तथा आगामी कानून व्यवस्था संबंधी चुनौतियों को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।