प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने निगम कर रहा व्यापक प्रयास
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने निगम कर रहा व्यापक प्रयास


कटनी।। छोटे व्यवसायियों एवं स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए नगर पालिक निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम द्वारा योजना के प्रचार-प्रसार के साथ पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी देने और उन्हें इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को प्रथम चरण में ₹15,000, द्वितीय चरण में ₹25,000 तथा तृतीय चरण में ₹50,000 तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण का भुगतान करने वाले हितग्राहियों को आगे की ऋण सुविधा का लाभ मिलने के साथ डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने वाली सुविधाएं भी उपलब्ध होती हैं। नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी योजना की जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जनसमुदाय के बीच जागरूकता का कार्य कर रहे हैं। निगम का प्रयास है कि योजना केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शहर के प्रत्येक पात्र छोटे व्यवसायी, रेहड़ी-पटरी एवं ठेला संचालक तक इसकी जानकारी पहुंचे और वे इसका वास्तविक लाभ उठा सकें।
नगर निगम के उपाआयुक्त ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल बताते हुए सभी पात्र हितग्राहियों से अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल देने, उनके कारोबार को बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे योजना की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें और शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएं। नगर निगम का उद्देश्य है कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे और कोई भी पात्र छोटा व्यवसायी जानकारी के अभाव में इस सुविधा से वंचित न रहे।