ब्रेकिंग न्यूज़ पेंड्रारोड-खोंगसरा-बेलगहना मुख्य मार्ग पर 3 दिन से पड़ी चट्टान, हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?

0

खोंगसरा। पेंड्रारोड-खोंगसरा-बेलगहना होकर बिलासपुर आने-जाने वाले मुख्य और शॉर्टकट मार्ग पर चट्टान का एक बड़ा टुकड़ा गिरने के लगभग तीन दिन बाद भी उसे हटाया नहीं जा सका है। समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए इसकी सूचना प्रशासन और सरकार तक पहुंचने के बावजूद अब तक जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

एक-दूसरे का मुंह देख रहे अधिकारी

सड़क पर चट्टान गिरने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस चट्टान को हटाने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

चट्टान वन क्षेत्र से टूटकर सड़क पर आई है, तो क्या वन विभाग इसे हटाएगा? सड़क लोक निर्माण विभाग की है, तो क्या पीडब्ल्यूडी इसकी जिम्मेदारी लेकर कार्रवाई करेगा? या यदि यही चट्टान खिसककर रेलवे लाइन तक पहुंच गई, तब रेलवे विभाग इसे हटाने के लिए सामने आएगा?

जिम्मेदारी को लेकर विभागों के बीच स्थिति स्पष्ट नहीं दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तक गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

रास्ता हुआ सकरा, कभी भी हो सकता है हादसा

सड़क के बीच चट्टान पड़े होने के कारण मार्ग काफी सकरा हो गया है। वाहन चालकों को चट्टान के किनारे से निकलना पड़ रहा है। ऐसे में सामने से आने वाले वाहनों को पास देने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

सबसे गंभीर स्थिति यह है कि यदि किसी वाहन का नियंत्रण बिगड़ा तो वाहन चट्टान से टकराकर नीचे रेलवे लाइन की ओर जा सकता है। ऐसी स्थिति में सड़क हादसे के साथ-साथ रेलवे ट्रैक पर भी बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के बाद जागे, उससे पहले सड़क पर पड़ी चट्टान को तत्काल हटाया जाना चाहिए।

सवाल यह है—जिम्मेदारी किसकी?

तीन दिन बीत चुके हैं। सूचना भी जिम्मेदारों तक पहुंच चुकी है। इसके बावजूद चट्टान उसी जगह पड़ी है।

आखिर जिम्मेदारी किसकी है?

कौन इसे हटाएगा?

और प्रशासन कब तक किसी बड़े हादसे का इंतजार करेगा?

जनहित में प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर चट्टान हटाने की कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी अनहोनी से पहले इस संभावित खतरे को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed