मरवाही वन मंडल क्षेत्र में हाथी का आतंक: ढहा गरीब का आशियाना, बाल-बाल बचा परिवार
मरवाही/ग्राम घिनौची (ग्राम पंचायत मालाडांड): मरवाही वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात मालाडांड ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम घिनौची में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रात लगभग 4 बजे एक जंगली हाथी ने ग्रामीण जोमन सिंह के मकान पर धावा बोल दिया और देखते ही देखते मकान की दीवार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
बिस्तर के पास ढही दीवार, बाल-बाल बचा परिवार
घटना के वक्त जोमन सिंह की पत्नी अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कमरे के भीतर उसी बिस्तर पर सोई हुई थीं, जो टूटी दीवार के ठीक पास लगा था। हाथी द्वारा दीवार तोड़े जाने के साथ ही भारी मात्रा में ईंटें व मलबा सीधे कमरे के भीतर आ गिरा। गनीमत यह रही कि इस घटना में जान-माल का कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ और सो रहा परिवार बाल-बाल बच गया।
अनाज और गृहस्थी का सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हाथी ने न सिर्फ मकान की दीवार ढहाई, बल्कि घर के भीतर रखे अनाज (चावल, गेहूं) को खाकर और कुचलकर बर्बाद कर दिया। इसके अलावा बर्तन, कपड़े व अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे पीड़ित परिवार के सामने रहने व खाने का गहरा संकट खड़ा हो गया है।
मुआवजे की प्रक्रिया जारी, ग्रामीणों को सतर्क रहने का अलर्ट
मामले की जानकारी मिलने के बाद इस संबंध में जब वन विभाग के डिप्टी रेंजर से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मौके की जांच कर जल्द ही पंचनामा तैयार किया जाएगा और नियमानुसार क्षतिपूर्ति (मुआवजा) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके साथ ही मरवाही वन मंडल प्रशासन की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि हाथियों की आवाजाही को देखते हुए वे रात के समय सजग और सावधान रहें तथा सतर्कता बरतें।